Today and Tomorrow Live

Tuesday, January 2, 2024

चीन में चार हजार साल पुराने विशाल महल की खोज

बीजिंग. चीन के हेनान प्रांत में 4000 साल पुराने विशाल महल की खोज की गई है। शोधकर्ताओं के मुताबिक महल संभवत: शिया राजवंश (2070-1600 ईसा पूर्व) के दौरान बनाया गया था। यह शिनमी के पुरातात्त्विक स्थल पर मिला है। प्राचीन शहर शिनमी चारों ओर से दीवार से घिरा है। अवशेषों से भरा यह पूरा इलाका 17 हेक्टेयर में फैला हुआ है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक पुरातत्त्वविदों ने कुछ साल पहले झेंशुई नदी के पूर्वी किनारे पर इस प्राचीन शहर के अवशेष खोजे थे। अच्छी तरह से संरक्षित शहर प्राचीन लोंगशान संस्कृति से जुड़ा था। यह चीन की प्राचीन सभ्यता थी, जो हेनान प्रांत और उसके आसपास के इलाकों में फैली थी। खोजे गए महल के अवशेषों में नींव का ढांचा शामिल है। यह मिट्टी, चाक या चूने जैसी कच्ची सामग्री को दबाकर बनाया गया। महल के अवशेष करीब 60 मीटर लंबे और 30 मीटर चौड़े हैं। ये 1,800 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में फैले हैं।

महल बीच में ऊंचा और चारों तरफ नीचा

महल बीच में ऊंचा और चारों तरफ नीचा है। इसके स्तंभों के छेद समान दूरी पर बने हुए हैं। इन छेदों से संकेत मिलता है कि यह कैसे दिखता होगा। खुदाई दल के प्रमुख ली बो के मुताबिक ये छेद दर्शाते हैं कि महल के दक्षिण और उत्तर में छत, पूर्व और पश्चिम में बरामदे और बीच में आंगन के साथ आवास परिसर रहा होगा। हेनान प्रांत के एक अन्य प्राचीन शहर झोउकोऊ में इससे पहले कई पुरातात्त्विक खोज हुई हैं।

झोउकोऊ के मंदिर में मिले थे अवशेष

शोधकर्ताओं को झोउकोऊ के एक मंदिर में राख के गड्ढों, खाइयों और अन्य वस्तुओं के अवशेष मिले थे। सबसे महत्त्वपूर्ण खोज मिट्टी के स्तंभों और मिट्टी की दीवारों से बने दो गोलाकार भवनों के अवशेष थे। इनका उपयोग संभवत: अनाज के भंडारण के लिए किया जाता था। पुरातत्त्वविद फांग लिक्सिया ने बताया कि ये खोज इलाके की प्राचीन कृषि प्रथाओं पर प्रकाश डालेंगी।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/uN9Q57x

No comments:

Post a Comment

Pages