Today and Tomorrow Live

Monday, March 11, 2019

5 से 55 तक के कलाकारों की कला एक साथ हुई नुमायां

इंदौर. क्रिएट स्टोरीज वेलफेयर सोसायटी की ओर से दो दिवसीय कला प्रदर्शनी कला के रंग शनिवार से कैनरीज आर्ट गैलरी में शुरू हुई। यहां 50 कलाकारों की करीब 100 पेंटिंग्स और स्केच प्रदर्शित किए गए हैं। ज्यादातर कलाकार शौकिया हैं और इनमें पांच साल के बच्चों से लेकर 55-60 साल तक के कलाकार शामिल हैं। प्रदर्शनी के पहले हिस्से में कुछ बड़े आकारों की पेंटिंग्स शामिल हैं और इनमें कुछ काम काफी प्रभावित करते हैं।

प्राची जैन ने स्त्री के चेहरे के भाव कैनवास पर उतारे हैं, तो अंकुर पांडे ने एक बुजुर्ग के झुर्रियों भरे चेहरे का पोट्रेट बनाया है, लेकिन बुजुर्ग की आंखों में आशा की चमक भी साफ नजर आ रही है। अंकुर की ही एक और पेंटिंग में एक लोक गायक अपनी रंगबिरंगी पोशाक में मस्ती में गा रहा है। अर्चना पाटीदार ने पुराने से दरवाजे के पीछे से झांकते बच्चों के चेहरों की मासूमियत को पकड़ा है। स्वस्तिक पांडे ने ओडिसी नृत्यांगना की तैयारी दिखाई है। पलक मालपानी ने गहरे रंगों में लोककला के फॉम्र्स को लेकर पेंटिंग बनाई है।

सुनीता फडनीस ने पेटिंग और पेपर क्विलिंग के जरिए पक्षियों और पेड़-पौधों की आकृतियां खूबसूरती से बनाई हैं। मिताली गिरवाल ने इंसान के अकेल्ेापन को सेमी एब्सट्रैक्ट शैली में दिखाने की कोशिश की है। इशिता जैन ने राधा- कृष्ण को मुरली के साथ दिखाया है, तो जूही वलसकर ने गणपति को कुछ नए आकारों में रचा है। जयराज जैन ने पुलवामा हमले में शहीद सिपाही के पिता को हिम्मत बंधाते हुए एक सैनिक की पेंटिंग बनाई और शीर्षक दिया है ‘यू आर नॉट अलोन।’ स्वर्णाली सिंह ने म्यूरल शैली में गाढ़े रंगों से पेंटिंग बनाई है। समीर ने पानी भरने जाते हुए बतियाती ग्रामीण स्त्रियों की पेंटिंग बनाई है।

indore

कई कलाकारों का काम कमजोर
एग्जीबिशन में कई पेंसिल स्केच और पोर्टे्रट हैं पर वे ज्यादातर अभ्यास का काम लगते हैं। यहां ज्यादातर कलाकार शौकिया हैं या युवा हैं, इसलिए उनके काम में कच्चापन नजर आता है। कई पेंटिंग्स बहुत कमजोर हैं। ऐसे युवा कलाकारों को अपना काम प्रदर्शित करने की जल्दबाजी के बजाय पर्याप्त अभ्यास करना जरूरी है। आयोजकों को भी ध्यान रखना होगा कि पेंटिंग्स की ज्यादा संख्या के बजाय कलाकृतियों का न्यूनतम स्तर निर्धारित करें।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Uvc9Oo

No comments:

Post a Comment

Pages