- कांग्रेस ने दावा किया था कि भाजपा नेताओं ने बंधक बनाया
- दो विधायकों से मारपीट का आरोप भी कांग्रेस ने लगाया था
भोपाल. प्रदेश में तीन दिनों से चल रहा विधायकों की खरीद-फरोख्त के सियासी ड्रॉमे में गुरुवार को कई अलग सीन दिखे। कांग्रेस ने सरकार को अस्थिर करने और राज्यसभा चुनाव का गणित बिगाडऩे की भाजपा की साजिश नाकाम करने का दावा किया। दूसरी ओर भाजपा ने इस पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया। वहीं, इस घटनाक्रम को हॉर्स ट्रेडिंग से जुड़े विधायकों ने ही नया मोड़ दे दिया। कांग्रेस ने बुधवार को जिन छह विधायकों को भाजपा के कब्जे से छुड़ाने का दावा किया था, उन्होंने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस झूठ बोल रही है। हॉर्स ट्रेडिंग जैसी कोई बात नहीं है। उनसे भाजपा के किसी नेता ने कोई संपर्क नहीं किया। वे तो अपने-अपने काम से बाहर गए थे।
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि भाजपा की हॉर्स ट्रेडिंग खुलकर सामने आ गई, लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं हुए। उन्होंने इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, संजय पाठक, विश्वास सारंग और भूपेंद्र सिंह को जिम्मेदार ठहराया। दिग्वियज ने लिखा, मोदी-शाह काला धन आपकी पार्टी में ही है, विदेशों में कहां ढूंढते हो। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर हॉर्स ट्रेडिंग मामले में झूठ बोलने का आरोप लगाया। कहा, उनके नेता माफी मांगे। नरोत्तम ने कहा, कांग्रेस का झूठ सामने आ गया।
...अभी सच बता नहीं सकती
रामबाई ने कहा, मेरे साथ खरीद-फरोख्त की बात नहीं हुई है। हाथापाई की बात गलत है। मैं कमलनाथ के साथ थी और अगले जन्म में भी रहूंगी। भूपेंद्र के साथ दिल्ली जाना गुनाह है क्या। मैं झूठ बोल नहीं सकती और अभी सच बता नहीं सकती।
कांग्रेस के मंत्री हीरो बन रहे
संजीव कुशवाहा ने कहा, हमें किसी ने बंधक नहीं बनाया और ना ही दिल्ली में किसी भाजपा नेता से मुलाकात हुई। कांग्रेस के मंत्री हीरो बनने और नंबर बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री इतने ही बहादुर हैं तो वो बाकीविधायकों को ले आएं।
हम समर्थन दे रहे हैं, आप शक कर रहे
सपा के राजेश शुक्ला ने कहा कि हम अपनी मर्जी के मालिक हैं। भाजपा के किसी नेता ने संपर्क नहीं किया। हम समर्थन दे रहे हैं और आप शक कर रहे हैं। मैं और बसपा विधायक एक साथ दिल्ली गए थे। हम विधायक हैं इसलिए नेताओं के संपर्क में रहते हैं।
मां को चेकअप के लिए दिल्ली ले गया था
कमलेश जाटव ने कहा कि मंगलवार शाम मां को चेकअप के लिए दिल्ली ले गए थे। वहीं मध्यांचल में ठहरे थे। दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से बात करने को कहा। हमने बात की तो मुख्यमंत्री ने भोपाल आने को कहा, इसलिए हम अंबाह लौटने की बजाय सीधे भोपाल आ गए।
उनके आरोप निराधार हैं
कांग्रेस विधायक ऐंदल सिंह कंसाना ने भी भाजपा के ऑफर या बंधक बनाने की खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वे पारिवारिक कारणों से 3 तीन दिन से दिल्ली में थे। जो खबरें उड़ रही हैं, वे निराधार हैं।
अपने निजी काम से गया था
विधायक रणवीर जाटव ने कहा कि मैं अपने व्यक्तिगत काम से दिल्ली गया था और एमपी हाउस में रुका था। मेरा भाजपा से किसी प्रकार का संपर्क नहीं है। कांग्रेस का हूं और हमेशा कांग्रेस का ही रहूंगा।
ऑफर देने की बात गलत
निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने कहा कि वे अपनी बेटी का इलाज कराने बेंगलुरु गए हैं। भाजपा की ऑफर देने की बात गलत है। आखिर 35 करोड़ कौन दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता और विधायकों में नाराजगी है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2VMmAAM
No comments:
Post a Comment